-परसा जंगल गांव में किसानों ने बुलाई पंचायत, शराब फैक्ट्री के प्रदूषण से परेशान हैं 40 गांवों के लोग
रुद्रपुर। उसरा औद्योगिक एरिया में लगी शराब फैक्ट्री से निकल रहे अपशिष्ट और राख से बढ़ रहे प्रदूषण के विरोध में रविवार को परसा जंगल गांव में किसानों ने पंचायत बुलाई। पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह के नेतृत्व में किसानों ने 18 जनवरी को तहसील का घेराव करने का निर्णय लिया। इसमें करीब बीस गांव के किसान शामिल हुए।
पूर्व विधायक ने कहा कि औद्योगिक एरिया से हो रहे प्रदूषण से क्षेत्र के करीब चालीस गांव प्रत्यक्ष रुप से प्रभावित हो रहे हैं। रुद्रपुर- देवरिया मार्ग से यात्रा करने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। कई गांवों में सांस के मरीज भी मिलने लगे हैं। फैक्ट्री द्वारा प्रदूषण फैलाने पर विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमे में फंसा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी को प्रभावित गांव के लोग तहसील पहुंच कर आंदोलन करेंगे।
इस दौरान हरेंद्र सिंह त्यागी, सुदर्शन यादव, शब्बीर अहमद, सिकंदर यादव, पन्नेलाल सिंह, कमलेश यादव, नरसिंह यादव, गुलाब यादव, रामअशीष यादव आदि मौजूद रहे।