देवरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विभिन्न स्थानों पर छठ घाटों की साफ-सफाई कराई गई। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं। बरहज संवाद के अनुसार, सरयू नदी के तट पर नगरपालिका की ओर से तैयारियां कराई जा रही हैं। थाना घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और गोताखोरों की तैनाती होगी। नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता जायसवाल और अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप ने घाट का निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, उद्घोषक यंत्र और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नदी में मगरमच्छों से बचाव के लिए चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा।
लार रोड संवाद के अनुसार, कुंडौली, धरमेर और श्रवण पिपरा समेत कई गांवों में ग्रामीण और युवा छठ घाटों की सफाई में जुटे हैं। झाड़ियों की कटाई के साथ कचरा हटाया जा रहा है और घाटों तक जाने वाले रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है।
रामपुर कारखाना संवाद के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र में छठ घाटों की सफाई लगभग पूरी हो चुकी है। बुधवार को कर्मचारियों ने निमियहवा और दोरांची नाला स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। पड़री बाजार संवाद के अनुसार, बनमाली बाबा स्थान पर बुधवार को ग्रामीणों ने छठ घाट की सफाई की। इस दौरान राजकुमार पांडेय, मनोज शर्मा, अश्वनी पांडेय, अंगद शर्मा और पुण्यप्रकाश पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गौरी बाजार संवाद के अनुसार, नगर क्षेत्र के शिवमंदिर पोखरे और पहलवान बाबा स्थान पर छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। श्रद्धालु वेदी बनाने में जुटे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप मद्धेशिया ने बताया कि पोखरों की साफ-सफाई कराई जा रही है। बरियारपुर संवाद के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र के सभी छठ घाटों की सफाई कराई जा रही है। वार्ड संख्या 13 स्थित बरियारपुर खास के छोटी गंडक नदी घाट समेत अन्य घाटों पर सफाई कर्मचारियों ने व्यवस्था दुरुस्त की।
अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश राजभर ने कार्यों का जायजा लिया और पर्व से पहले सफाई पूरी कराने के निर्देश दिए।