उधर, शुक्रवार की देर शाम को शुभम के मौत की सूचना जिला अस्पताल देवरिया से परिजनों को दी गई। जब परिजन जिला अस्पताल गए तो व्यवसाई किशोर का शव पोस्टमार्टम हाउस पर छोड़कर फरार था। इस बीच मृतक किशोर की मां ज्ञान्ती देवी द्वारा तरकुलवा पुलिस को तहरीर देकर व्यवसायी पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कर्रवाई की मांग की गई । उधर, कर्रवाई की मांग को लेकर देर शाम को परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मुंडेरा बाबू चौराहे पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई।
आरोप है पुलिस ने ग्रामीणों पर बल प्रयोग किया। जिसमें मृतक की मां सहित कई लोग चोटिल हो गए। इस बीच पोस्टमार्टम के बाद जब किशोर का शव घर पहुंचा तो गुस्साए ग्रामीणों ने दरवाजे पर शव रखकर दाह संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना पाकर देर रात में मौके पर पहुंचे सीओ सदर श्रेयस त्रिपाठी के निर्देश के बाद तरकुलवा पुलिस ने व्यवसायी विनय उर्फ मुन्ना पुत्र बिहारी के खिलाफ हत्या और गलत सूचना देने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, रविवार सुबह किसी ने परिजनों को यह बता दिया कि पुलिस ने केवल एनसीआर दर्ज किया है। इसके बाद परिजन समेत ग्रामीण एक बार फिर भड़क गए। वे शव को दरवाजे पर ही रखकर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। घटना की सूचना पर सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी के विरुद्ध कर्रवाई की मांग किया। पूर्व मंत्री ने परिजनों और गांव के लोगों को समझाया-बुझाया एवं आर्थिक सहायता दिया। तब जाकर परिजन दाह संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।