देसही देवरिया। महुआडीह में मोबाइल नेटवर्क की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही। सरकारी कंपनी हो या निजी किसी से भी एक बार में बात नहीं हो पा रही। बात करने के लिए लोगों को अपने छतों पर चढ़ना पड़ रहा है। महीनों से उपभोक्ता परेशान हैं।
महुआडीह चौराहा और आसपास के क्षेत्र में बीएसएनएल और वोडाफोन नेटवर्क की समस्या से उपभोक्ता बेहाल हैं। किसी मोबाइल नेटवर्क पर बात करने के लिए कई बार मिलाना पड़ रहा है। जल्दी मिल नहीं रहा। उधर से फोन आ भी जाय तो बार-बार कट जा रहा है। एक बार में पूरी बात नहीं हो पा रही। यह समस्या कई माह से बनी है।
जितेंद्र यादव, सुनील मल्ल, जितेंद्र मद्धेशिया, रामदरश चौरसिया, अनिल, सोहन, सुरेन्द्र उपाध्याय आदि दुकानदारों व स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि टेलीफोन कंपनियां अपनी सुविधानुसार मोबाइल रिचार्ज महंगा कर मुनाफा कमा रही हैंलेकिन, उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सर्विस की सुलभता पर किसी के तरफ से ध्यान नहीं दिया जा रहा। दुकान और घर के अंदर बात ही नहीं हो पा रही। संवाद