फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: मेडिकल काॅलेज की तीसरी मंजिल से कूदकर मरीज ने दी जान

Thu, 30 May 2024 02:01 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज
विज्ञापन
फोटो समाचार.........
विज्ञापन

घायलावस्था में किसी ने भर्ती कराया था इमरजेंसी में, सर्जिकल वार्ड में युवक का हो रहा था इलाज
मरीज के कूद कर जान देने की सूचना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में मची अफरा-तफरी
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए, सोशल मीडिया से हुई परिजनों को घटना की जानकारी
परिजनों का साथ छोड़कर पांच वर्ष से रह रहा था अलग, पत्नी भी इन दिनों रह रही थी मायके
युवक की मौत के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में भर्ती एक मरीज ने बुधवार की सुबह करीब 10 बजे तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एक रोज पहले वह घायलावस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुआ था। जहां उपचार के बाद उसे सर्जिकल वार्ड में रखा गया था। युवक की मौत के बाद उसके परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया था। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली के बरड़ीहा तिवारी निवासी सत्येंद्र कुमार गौतम पुत्र कन्हैया लाल गौतम एक दिन पहले किसी हादसे में घायल हो गया था। उसे आसपास के लोगों ने इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद उसे मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह करीब 10 बजे सत्येंद्र कुमार सर्जिकल वार्ड से निकला। इसके बाद तीसरी मंजिल पर पहुंचकर उसने छलांग लगा दी। मरीज के छलांग लगाने की सूचना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में खलबली मच गई। तत्काल सत्येंद्र को इमरजेंसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के साथ ही ऑक्सीजन दी गई। इसके बाद पुन: वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान सत्येंद्र की मौत हो गई। सूचना के कुछ घंटों बाद सत्येंद्र के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
विज्ञापन

परिजन भागते हुए सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा ने इस बारे में बताया कि मंगलवार को घायलावस्था में सत्येंद्र कुमार को इमरजेंसी में किसी ने भर्ती कराया था। इलाज के बाद उसे सर्जिकल वार्ड में भेज दिया गया था। बुधवार की सुबह अस्पताल की बिल्डिंग के समीप वह घायलावस्था में मिला। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन बना लापरवाह

सत्येंद्र की मौत हुए काफी देर हो चुके थे, बावजूद इसके वार्ड में बेड पर ही सत्येंद्र का शव पड़ा हुआ था। लेकिन जिम्मेदार इसको लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स कुछ भी बताने से इन्कार कर रहे थे। करीब आधे घंटे बाद कोतवाली पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई।

कूदने के बाद शोर होने पर हुई जानकारी
सत्येंद्र सर्जिकल वार्ड में भर्ती था। वहां उसका उपचार हो रहा था। वार्ड में भर्ती अन्य मरीज व उनके तीमारदारों का कहना है कि वह शौचालय की तरफ उठ कर गया था। वहां से वह तीसरी मंजिल पर पहुंच गया और अचानक नीचे कूद गया। कूदने पर शोरगुल होने पर सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज व तीमारदारों को इसकी जानकारी हुई। जाकर देखा तो शव किसी और की नहीं बल्कि वार्ड में भर्ती सत्येंद्र कुमार गौतम का है।


पांच वर्ष से अपने दो बच्चों व पत्नी के साथ अलग रहता था सत्येंद्र
बलडीहा तिवारी गांव निवासी स्व. कन्हैया लाल गौतम के चौथे पुत्र सत्येंद्र ने अपनी मर्जी से शादी की। हालांकि, शादी का उसके परिजनों ने विरोध किया, लेकिन बाद में वे शांत हो गए। शादी के बाद करीब एक वर्ष तक सत्येंद्र परिजनों के साथ गांव पर रहा। जहां उसके बड़े बेटे का जन्म हुआ। इसके बाद उसने अपने बेटे व पत्नी के साथ घर छोड़ दिया। शहर में किराए का कमरा लेकर रहता था। जहां उसे एक और पुुत्र हुआ। शादी के बाद सत्येंद्र ने भाई व बहनों से अपना नाता तोड़ लिया था।

पत्नी रह रही मायके, पति की मौत की नहीं थी जानकारी
सत्येंद्र जिस दिन घायल होकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुआ, उस दिन उसे परिजन नहीं लेकर पहुंचे थे, बल्कि राहगीरों ने भर्ती कराया था। उसका पैर किस तरह से चोटिल हुआ था, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। कोई ट्रेन की चपेट में आने से तो कोई सड़क हादसे में घायल होने की बात कह रहा था। सदर कोतवाली पहुंचे सत्येंद्र के परिजनों की मानें तो उसे घर, भाई, बहन किसी से कोई मतलब नहीं था। सुनने में आ रहा है कि उसका पत्नी से विवाद हुआ था। तब से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है। इससे ज्यादा उसके बारे में कुछ जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया के माध्यम से सत्येंद्र की मौत की सूचना पर हमलोग पहुंचे हैं।

सत्येंद्र के मामा ने उसकी पत्नी को फोन कर दी जानकारी
कोतवाली में जब पंचनामा बन रहा था तो सत्येंद्र के मामा व बहनोई ने उसकी पत्नी को फोन करके घटना की जानकारी दी। घटना को इतने घंटे हो जाने के बाद नहीं पहुंचने पर खरी-खोटी भी सुनाई। इसके बाद पोस्टमार्टम पहुंचने की बात कही।
विज्ञापन


कोट
कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवक के मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूद कर मरने की सूचना मिली। पुलिस गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक नशे का आदी बताया जाता है। उसने अपनी सारी संपत्ति भी बेच दी है। घर परिवार से अलग रहता था।

कोट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें