भटनी (देवरिया)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार को बापूधाम एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री घायल हो गया। हादसे का कारण चलती ट्रेन से पैर फिसलना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के रानीपुर गांव निवासी राजन दुबे (36) किसी काम से गोरखपुर जा रहे थे। वह मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से बापूधाम एक्सप्रेस में सवार होकर गंतव्य को रवाना हुए। सोमवार को ट्रेन बिना रुके भटनी रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी।
इसी दौरान वह लघुशंका के लिए टॉयलेट में जा रहे थे, तभी ट्रेन के झटके से उनका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर गिर गए।
ट्रेन जाने के बाद जीआरपी ने उन्हें गम्भीर हालत में रेल पटरी से निकाला और अस्पताल भेजा। घायल युवक के एक पैर कटने की बात कही जा रही है। जीआरपी के सूचना पर घायल के परिजन देवरिया पहुंच गए है। एसओ जीआरपी आदित्य सिंह ने बताया कि ट्रेन से गिरकर यात्री घायल हुआ है। उसका इलाज देवरिया स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। संवाद