देवरिया। भारतीय जनता पार्टी ने बुलंदशहर में मां और नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि प्रदेश में महिला अपराध में बढ़ोत्तरी हो रही है। मां-बेटी के सम्मान में भाजपा मैदान में आ चुकी है। राज्यपाल को संबोधित मांगपत्र एसडीएम को दिया। ‘मां-बेटी के सम्मान में भाजपा मैदान में’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को दिन में 11 बजे से सुभाष चौक पर जुटने लगे।
इसके बाद प्रदेश सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए। यहां से जुलूस की शक्ल में सिविल लाइंस में पहुंचे। प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट में पहुंचे। पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है। महिला अपराध को रोकने में सरकार नाकाम है। पुलिसिया इकबाल को चुनौती मिल रही है। सरकार के नुमाइंदे अपराधियों के संरक्षणदाता बन चुके हैं।
बुलंदशहर की घिनौनी घटना को राजनीतिक साजिश बताया जा रहा है। जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था बिल्कुल पंगु हो चुकी है। सरकार के कुर्सी से बेदखल किए जाने तक खामोश नहीं बैठा जाएगा। विधायक जन्मेजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार से ऊब चुकी है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, विजय दुबे, रामधनी गोंड, कमलेश शुक्ल, दीपक मिश्र, विजय प्रताप मणि, राजेंद्र मल्ल, अजय उपाध्याय, भूपेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, उग्रसेन राव, विश्म्भर मिश्र, बलराम उपाध्याय, मारकंडेय तिवारी, अंतर्यामी सिंह, सज्जन मणि, विजयलक्ष्मी गौतम, माया जायसवाल, डॉ. सत्यप्रकाश मणि, राधेश्याम शुक्ल, संजय राव, रामदास मिश्र, सत्येंद्र मणि, रामेश्वर पांडेय, पुनीत अमेठिया, अंबिकेश पांडेय, अभिषेक जायसवाल आदि मौजूद रहे।