कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाया
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। उप डाकघरों में टिकट के लिए हंगामा होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को नाराज युवकों ने कार्यालय में हंगामा करते हुए कर्मचारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। वहीं रजिस्ट्री करने के लिए कतार में खड़े लोगों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद युवक शांत हुए। नगर पंचायतों में सफाईकर्मी के पद पर आवेदन के लिए युवकों की भीड़ रजिस्ट्री करने व डाक टिकट के लिए उप डाकघरों में उमड़ रही है।
उप डाकघरों में टिकट की कमी के कारण युवक फॉर्म नहीं भर पा रहे है। इसको लेकर कई दिनों से उप डाकघरों में युवक हंगामा कर रहे है। दो दिन पूर्व डाक टिकट आया था। लेकिन एक घंटे के अंदर ही बिक्री हो गई।
युवकों की मानें तो बाजार में अधिक रेट पर टिकट आसानी से मिल जा रहा है।
टिकट को लेकर लार और सलेमपुर युवक कई बार हंगामा कर चुके हैं। बावजूद जिम्मेदार अफसर अधिक मात्रा में डाक टिकट उपलब्ध कराने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। उप डाकघर का कार्यालय खुलते ही युवक डाक टिकट की मांग करने लगे। मालूम हुआ कि डाक टिकट अभी आया नहीं है तो युवक उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। कर्मचारियों ने समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया।
इसके बाद धक्का मुक्की के बीच लोगों ने अपना रजिस्ट्री किया। इस बाबत सलेमपुर के उप डाकपाल सुखीराम ने बताया कि डाक टिकट की कमी है। इसको लेकर युवक हो हल्ला कर रहे हैं।