देवरिया। सदर रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया में भी स्टैंड वसूली होती है। रेलवे स्टेशन के गेट पर ही कुछ लोग वसूली करते हैं। इससे परिजनों को रेलवे स्टेशन छोड़ने या रीसिव करने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अमृत भारत योजना के तहत देवरिया सदर रेलवे स्टेशन का चयन किया गया है। यहां भौतिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे ट्रेनों का आवागमन होता रहा है। यहां से रोजाना करीब 11 हजार लोग यात्रा करते हैं। इससे रेलवे को करीब 4.50 लाख रोजाना आय होती है।
इतनी बड़ी संख्या में आने वाले यात्रियों को छोड़ने या रीसिव करने उनके परिजन रेलवे स्टेशन आते हैं। यह कुछ समय के लिए अपनी गाड़ी सर्कुलेटिंग एरिया में खड़ी करते हैं। इसके लिए उनसे प्रति कार 20 रुपये वसूल किया जाता है। जबकि गाड़ी को पार्किंग में ले जाने पर ही पार्किंग चार्ज लेने का प्राविधान है। सर्कुलेटिंग एरिया में कोई चार्ज देय नहीं है।
रेलवे के जिम्मेदारों का इधर ध्यान नहीं होने से यात्रियों को चपत लगती है।