देवरिया। मेडिकल कॉलेज में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारी दो माह से मानदेय न मिलने से परेशान है। उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर बुधवार को कर्मचारी प्रशासनिक भवन पहुंचे और प्रधानाचार्य से मिलकर अपनी समस्या रखी। उन्होंने जल्द से जल्द भुगतान का आश्वासन दिया। आउट सोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित मानदेय न मिलने से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें मई और जून माह का मानदेय अब तक नहीं मिला है, जबकि जुलाई माह शुरू हो गया है। कर्मचारी ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद प्रशासनिक भवन पहुंचकर प्रधानाचार्य से मिले।
कर्मचारियों का कहना था कि लगातार दो महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई व अन्य जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। कहा कि जल्द भुगतान न होने पर कार्य बहिष्कार को बाध्य होंगे। प्रधानाचार्य ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और हुए आश्वासन दिया कि वे शीघ्र वेतन दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।