तरकुलवा। थाना क्षेत्र के बजराटार महुअवा गांव के भाजपा बूथ अध्यक्ष ने गढ़रामपुर पुलिस चौकी इंचार्ज पर पिटाई का आरोप लगाया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अभिजीत आर शंकर ने बुधवार को चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर जांच शुरू करा दी है।
जानकारी के अनुसार, बजराटार महुअवा गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष मनोज प्रसाद पासवान के घर छठ पूजा पर सोमवार को भोज का आयोजन किया गया था। इसी दौरान उनके घर के लोगों और पड़ोस के एक युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक वीडियो बना रहा था, जिस पर बूथ अध्यक्ष के परिजन ने उसका मोबाइल छीन लिया। इस बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
इसके बाद मंगलवार सुबह बूथ अध्यक्ष मनोज प्रसाद पासवान ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर गढ़रामपुर पुलिस चौकी पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान चौकी प्रभारी अंकित सिंह ने बूथ अध्यक्ष की पिटाई कर दी और दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान कर दिया। मामले की जानकारी होने पर भाजपा के कुछ नेता थाने पहुंचे और एसपी से इसकी शिकायत की। एसपी अभिजीत आर शंकर ने चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर जांच के निर्देश दिए।
...
कोट
मनोज कुमार भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। चौकी प्रभारी ने बेवजह उनके साथ मारपीट की है। चौकी प्रभारी पर आम लोगों को प्रताड़ित कर धन उगाही की अक्सर शिकायत मिलती रहती थी। मामले को संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और अफसरों के संज्ञान में लाया गया है।
-दुष्यंत राव, मंडल अध्यक्ष भाजपा
...
कोट
भाजपा के बूथ अध्यक्ष ने पिटाई का आरोप लगाया है। चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
-संजय कुमार रेड्डी, सीओ सिटी