संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल काॅलेज के मेडिसिन विभाग की ओपीडी में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ओपीडी में आने वाले मरीजों में से 40 प्रतिशत रोगी वायरल फीवर से पीड़ित होते हैं।
मौसम में उतार9चढ़ाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। दिनचर्या में थोड़ी सी लापरवाही बीमार बना दे रही है। मेडिकल काॅलेज के मेडिसिन विभाग में सहायक आचार्य डॉ. ओमकार मिश्र के अनुसार विभाग में आने वाले मरीजों में से करीब 40 प्रतिशत रोगी वायरल फीवर से पीड़ित होते हैं। इसके अलावा डेंगू, टायफायड के भी मरीज मिल रहे हैं। मरीजों को दवा देकर घर भेज दिया जाता है। यदि बीमारी गंभीर हुई तो ही ऐसे मरीजों को भर्ती किया जाता है।
वहीं डेंगू के रोगी मिलने पर उसे तुरंत वार्ड में भर्ती कर चिकित्सा शुरू कर दी जाती है। बुधवार को डॉक्टर को दिखाने आए सचिन को बुखार था। डॉक्टर ने जांच कर दवा दे दी और उबला हुआ पानी पीने, साफ9सफाई रखने की सलाह दी। ट्यूबवेल काॅलोनी निवासी गौरव बुखार होने पर मेडिकल काॅलेज पहुंचे।
डॉक्टर ने जांच कर लक्षण के आधार पर दवा देकर आराम करने की सलाह दी। डॉ. ओमकार मिश्र ने बताया कि वायरल फीवर में तेज बुखार, ठंड लगना, मुंह का स्वाद बदला लगना, थकान होना, सिर दर्द प्रमुख लक्षण हैं। यह तीन चार दिन तक रहता है।
बुखार होने पर किसी सरकारी अस्पताल में जाकर डॉक्टर को दिखाएं। बाहर किसी दुकान से अपने मन से दवाई नहीं खाएं। बारिश में भीगने से बचें। पानी उबाल कर पीयें। साफ सफाई रखेंं। सर्दी जुकाम हो तो मास्क अवश्य पहनें।