सलेमपुर। ब्लॉक के रामपुर बछउर गांव में बुधवार को विद्युत निगम के एसडीओ और जेई के देखरेख में कैंप लगाया गया। जिसमें बिजली बकायेदारों को राहत देने के लिए चल रहे वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना के तहत रामपुर बछउर गांव में विद्युत निगम की ओर से विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में भारी तादात में उपभोक्ता पहुंचे। मौके पर 1 लाख 56 हजार की वसूली की गई।
कैंप में कुल 35 उपभोक्ताओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। अधिकारियों ने उन्हें ओटीएस योजना के लाभ, बकाया राशि में मिलने वाली छूट और भुगतान प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
विद्युत निगम के एसडीओ आलोक कुमार ने बताया कि ओटीएस योजना उपभोक्ताओं को बकाया जमा करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करती है। योजना के तहत अधिभार (सरचार्ज) में बड़ी राहत दी जा रही है, जिससे उपभोक्ता आसानी से अपने बिलों का निपटान कर सकते हैं। निगम के जेई उमेश कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, क्योंकि निर्धारित समय के बाद छूट का लाभ नहीं मिल पाएगा।