देवरिया में कोरोना से एक की मौत, 59 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
देवरिया। जनपद में बुधवार को कोरोना से एक लोगों की मौत हो गई, वहीं 59 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में पॉजिटिव की संख्या 19806 हो गई है। एक्टिव केस 1008 पहुंच गया है। जबकि 18616 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक 182 लोगों की मौत हो चुकी है। होम आइसोलेशन में 829 लोग हैं। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एमसीएच विंग एल-2 अस्पताल में 58, सीएचसी गौरीबाजार में एक तथा चार निजी अस्पतालों में 12 लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में कोरोना संक्रमण में धीरे-धीरे कमी आ रही है, लेकिन अभी भी हर रोज संक्रमित मिल रहे हैं। वहीं लोग काल के गाल में समा रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद लोग बेपरवाह हैं और सड़कों पर घूम रहे हैं। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि कोरोना संक्रमण कम हो रहा है। संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जांच बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि सावित्रि अस्पताल में चार, आस्था में छह, जिला अस्पताल में 58, सीएचसी गौरीबाजार में एक, स्टार एवं वेदांक अस्पताल में भर्ती एक-एक मरीज का इलाज चल रहा है। सभी अस्पतालों में बेड खाली है। लोगों से मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है। वैक्सीन लगवाना आवश्यक है।
वैक्सीनेशन की गति धीमी, 968 लोगों को लगा टीका
देवरिया। जनपद में टीकाकरण केंद्रों पर लोगों के नहीं पहुंचने से वैक्सीनेशन की गति धीमी हो गई है। वहीं वेस्टेज रोकने के विभाग के प्रयास का भी वैक्सीनेशन पर असर पड़ रहा है। केंद्रों पर दस लोगों के होने के बाद ही वैक्सीन की डोज देने की बात कही जा रही है। कुछ केंद्रों पर घंटों इंतजार के बाद लोग वापस लौट जा रहे हैं तो कुछ लोग टीकाकरण को लेकर लापरवाह बने हुए हैं, बारी आने के बाद भी घर से नहीं निकल रहे हैं।
जनपद के 57 केंद्रों पर बुधवार को कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 270 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 628 लोगों, चार हेल्थ केयर वर्कर, 11 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की प्रथम तथा 55 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। लक्ष्य 6040 के सापेक्ष 968 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। कुल उपलब्धि 16.3 प्रतिशत रही।