देवरिया में कोरोना से एक की मौत, पांच मिले पॉजिटिव
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण में कमी आई है, लेकिन बृहस्पतिवार आई रिपोर्ट में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं पांच लोगों पॉजिटिव मिले हैं। जनपद में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 20146 हो चुकी है, जबकि 19844 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव केस 86 है। होम आइसोलेशन में 46 लोग हैं। जिले में अब तक 216 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित कोविड अस्पताल एल-2 में एक भी मरीज नहीं है। जबकि दो निजी अस्पताल में भर्ती दो मरीजों का इलाज चल रहा है। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। गांवों में जांच तेजी से कराई जा रही है। संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आई है। मरीजों के इलाज के समुचित इंतजाम किए गए हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग में 21 एक भी मरीज भर्ती नहीं है। हालांकि निजी अस्पताल आस्था व सावित्री में भर्ती एक-एक मरीज का इलाज चल रहा है, जबकि निजी अस्पताल स्टार न्यूरो व वेदांक में एक भी मरीज नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण कम होने के बावजूद सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने तथा वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
4629 लोगों को लगा कोरोना का टीका
देवरिया। जनपद में बृहस्पतिवार को टीकाकरण कार्य में तेजी आई। जिले में 26 केंद्र विशेष कर युवाओं तथा दो केंद्र पर बारह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता को टीका लगाया गया। वहीं जिला महिला अस्पताल के पिंक बूथ पर महिलाओं को वैक्सीन की डोज दी गई। वैक्सीन लगवाने को लेकर युवाओं में उत्साह दिखा। उधर अन्य केंद्रों पर भी लोगे टीका लगवाने के लिए पहुंचे।
जनपद के 89 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 2368 युवाओं, 604 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 1136 लोगों, एक हेल्थ केयर वर्कर, दस फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की प्रथम तथा 510 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। लक्ष्य 8750 के सापेक्ष 4629 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद में टीकाकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करें। सभी लोग बारी आने पर टीका जरूर लगवाएं।