करंट की चपेट में आने से किसान की मौत
देवरिया। बिजली निगम के जिम्मेदारों की लापरवाही से बृहस्पतिवार की सुबह किसान की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिजली का तार बुधवार की शाम को गिरा था, जिसकी सूचना गांव के लोगों ने बिजली निगम को दी थी।
सदर कोतवाली नरायनपुर बरवा परसा गांव निवासी गुलाब (60) सुबह खेत में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गिरे बिजली की तार की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लोग बिजली निगम के कर्मचारियों पर आक्रोश व्यक्त कर रहे थे। पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर मामले को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव के लोगों के अनुसार, एक दिन पहले तार गिर गया था। उसकी सूचना निगम के अफसरों को दी गई थी। इसके बावजूद लाइन काटी नहीं गई। इसके चलते गुलाब की मौत हो गई।
करंट की चपेट से मवेशियों की मौत
सलेमपुर। ब्लॉक के भरथुआ गांव निवासी जयराम यादव घोठा बना कर रहते हैं और खेतीबारी के साथ भैंस पालने का काम करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह उनकी भैंस और पड़वा खाली खेत में घास चर रहे थे। करंट की चपेट में आने से दोनों मर गए। जयराम यादव ने बिजली निगम से मुआवजे की मांग की है।