शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त विधानसभा चुनाव प्राथमिकता : प्रेक्षक
देवरिया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन की तैयारी की प्रेक्षकों ने रविवार को विकास भवन के गांधी सभागार में समीक्षा की। उन्होंने विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष स्वतंत्र एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए। प्रेक्षकों ने सी-विजिल एप, सुविधा एप और वोटर हेल्प लाइन एप के प्रचार प्रसार तेज करने को कहा। साथ ही मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप एक्टिविटी बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रेक्षकों ने मतदान केंद्रों पर सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और मतदान केंद्रों को अधिक वोटर फ्रेंडली बनाने के लिए कहा। चुनाव के दौरान शराब, धन एवं वस्त्र वितरण की विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि जनपद में 23 लाख 34 हजार 661 मतदाता हैं। इसमें 12,33,542 पुरुष एवं 11,01,028 महिला तथा 93 मतदाता थर्ड जेंडर हैं। कुल 1593 मतदान केंद्र पर 2733 बूथ बनाए गए हैं। जनपद में सर्विस वोटरों की संख्या 7706 है।
उन्होंने बताया कि जनपद में 19,460 दिव्यांग मतदाता हैं, जिनकी जिओ टैगिंग कर ली गई है। दिव्यांग मतदाताओं एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्ध मतदाताओं को पोस्टल बैलेट का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। वे मतदान केंद्र पर जाकर व पोस्टल बैलेट में से किसी एक विकल्प को चुन सकते हैं। दिव्यांग मतदाताओं के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर व्हील चेयर उपलब्ध कराया गया है। जनपद के 1301 दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ब्रेल लिपि में मतदाता पर्ची उपलब्ध कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी। सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनर, मॉस्क और हैंड ग्लब्स की सुविधा मतदाताओं के लिए उपलब्ध रहेगी। जिले में 156 क्रिटिकल बूथ तथा 133 वल्नरेबल बूथ हैं। इन बूथों पर विशेष निगाह रखी जा रही है। कुल 418 पोलिंग स्टेशनों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा अनुरूप निर्देशों का पालन किया जाएगा।
सीडीओ व स्वीप प्रभारी रवींद्र कुमार ने वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया जनपद के सातों विधानसभा क्षेत्रों में पिंक बूथ और 35 मॉडल बूथ की स्थापना की जा रही है। मतदाता पाठशाला, वोटर क्लब, जागरूकता रैली, मतदाता शपथ आदि के माध्यम से लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बिहार सीमा पर लगाए गए हैं बैरियर, जल मार्ग पर रहेगी निगाह
पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि अंतर-राज्यीय सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। बिहार से लगे क्षेत्रों में 26 स्थानों पर बैरियर स्थापित किए गए हैं, जिसमें 17 सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में होंगे। छोटी गंडक नदी से होने वाली आवाजाही पर भी निगाह रहेगी। जिले में 13,354 लोगों को शस्त्र लाइसेंस जारी हुए हैं, जिसमें 12804 लोगों के हथियार जमा करा लिए गए हैं। 109 गैर लाइसेंसी हथियार की बरामदगी की गई है। सीआरपीसी की धारा 107/16, 110-जी और एक्साइज एक्ट में बड़ी संख्या में लोगों पर कार्रवाई हुई है।
बैठक में निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पुलिस आब्जर्वर एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुष्मित विश्वास, प्रेक्षक रुद्रपुर नरेश दुग्गा आईएएस, प्रेक्षक रामपुर कारखाना मनोज कुमार साहू आईएएस, प्रेक्षक पथरदेवा सीएन मीना आईएएस, प्रेक्षक देवरिया सदर एस जे चिरु आईएएस, प्रेक्षक भाटपाररानी तरुण भटनागर आईएएस, प्रेक्षक सलेमपुर डॉ. राजेंद्र भरुद आईएएस, प्रेक्षक बरहज एस जयंती आईएएस, व्यय प्रेक्षक प्रणय वहाने आईआरएस एवं उज्ज्वल कुमार आईआरएस शामिल रहे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुंवर पंकज, एडीएम वित्त एवं राजस्व नागेंद्र कुमार सिंह, सीआरओ अमृत लाल बिंद, एएसपी डॉ. राजेश कुमार सोनकर, एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजन द्विवेदी, सहायक निर्वाचन अधिकारी मंजूर अहमद अंसारी आदि मौजूद रहे।