जनकदेव लघु माध्यमिक स्कूल पहुंची लखनऊ से आई जांच टीम
नियुक्तियों से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड अपने साथ गए अधिकारी
जिले के अनुदानित विद्यालयों में हुईं नियुक्तियों को लेकर लगातार उठते रहे हैं सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अनुदानित विद्यालयों में फर्जीवाड़ा कर हुईं नियुक्तियों के मामले की जांच करने शुक्रवार को लखनऊ की जांच टीम जिले में मौजूद रही। संयुक्त निदेशक कोषागार रामभुवन सिंह, वरिष्ठ लिपिक अरविंद ने सलेमपुर ब्लॉक के जनकदेव लघु माध्यमिक विद्यालय मड़पही पहुंचकर वहां के नियुक्ति संबंधित अभिलेेखों की जांच की और आवश्यक रिकॉर्ड अपने साथ ले गए। टीम के आने से बेसिक कार्यालय के लेखा अनुभाग में कई चेहरों पर हवाइयां उड़ती रहीं।
जिले के अनुदानित स्कूलों में नियुक्तियों को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। करीब 14 ऐसे स्कूल एसटीएफ के रडार पर हैं। शासन स्तर से भी इन विद्यालयों में की गई नियुक्तियों की जांच की जा रही है। शुक्रवार को संयुक्त निदेशक कोषागार रामभुवन सिंह अपने एक सहयोगी के साथ बेसिक कार्यालय पहुंचे। यहां से टीम वित्त व लेखाधिकारी अबरार आलम के साथ जनकदेव लघु माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और वहां के प्रबंधक जनकदेव राय से मिलकर नियुक्तियों के संबंध में आवश्यक अभिलेख मांगे। प्रबंधक ने जांच टीम के सामने अपना पक्ष भी रखा। यहां से आवश्यक अभिलेख लेकर टीम पुन: बेसिक कार्यालय पहुंची। यहां से जेडी ट्रेजरी भी गए। माना जा रहा है कि टीम की ओर से एक आरोपपत्र जिला जेल में बंद पूर्व वित्त व लेखाधिकारी जगदीश लाल श्रीवास्तव को भी रिसीव कराया गया है। जांच टीम के आने और किस विद्यालय में जाएंगे, इसे लेकर कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी चुप्पी साधे हुए हैं।