विधान परिषद चुनाव की अधिसूचना 15 को
देवरिया। विधान परिषद चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। 22 मार्च नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। नौ अप्रैल को मतदान होगा और 12 अप्रैल को मतगणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष निरंजन ने बताया कि विधान परिषद चुनाव के लिए 15 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। नाम निर्देशन पत्र 15 से 22 मार्च तक (लोक अवकाश के दिनों को छोड़कर) रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय कक्ष से सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी की आयु 30 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। नाम निर्देशनपत्र प्रारूप-2 में प्रस्तुत किया जाएगा। अभ्यर्थी अधिकतम चार सेट में नाम निर्देशनपत्र दाखिल कर सकते हैं। अभ्यर्थी का नाम उत्तर प्रदेश राज्य के किसी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक नामावली में शामिल होना चाहिए। आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थी नाम निर्देशन स्थल की 100 मीटर की परिधि के अंदर वाहन सहित प्रवेश नहीं कर सकेंगे। कोविड-19 के दृष्टिगत नाम निर्देशन के प्रयोजन के लिए वाहनों की अधिकतम संख्या दो हो सकेगी।
इतनी देनी होगी जमानत राशि
सामान्य अभ्यर्थी को दस हजार, अनुसूचित जाति/जनजाति के अभ्यर्थी को पांच हजार की धनराशि जमानत के रूप में जमा करनी होगी। अनुसूचित जाति/जनजाति के अभ्यर्थी को सक्षम प्राधिकारी से निर्गत जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। नाम निर्देशन पत्र के साथ अभ्यर्थी को आयोग की ओर से नियत प्रारूप-26 पर वांछित सूचना शपथ-पत्र पर देनी होगी। शपथपत्र पर किसी शपथ कमिश्नर या प्रथम श्रेणी के मजिस्ट्रेट या नोटरी पब्लिक के समक्ष शपथ ली जानी चाहिए।