देवरिया। मेडिकल कॉलेज में लाख इंतजाम के बावजूद मरीजों की भीड़ कम नहीं हो रही है। पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टर को दिखाने के लिए धक्का मुक्की करनी पड़ रही है।
ड्यूटी पर लगे गार्डों के गुस्से के शिकार भी मरीज हो रहे हैं। इसकी मुख्य वजह सीएचसी, पीएचसी पर डॉक्टरों की कमी बताई जा रही है। सामान्य मरीजों को भी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जा रहा है। जिले में 17 सीएचसी, 77 पीएचसी पर 208 डॉक्टरों के सापेक्ष सिर्फ 131 डॉक्टरों की तैनात है।
सीएचसी पर सिर्फ तीन गायनी डॉक्टर हैं। पांच गायनी इस्तीफा दे चुकी हैं। हालांकि, सीएमओ शासन से डॉक्टरों के रिक्त पद को पूरा करने के लिए लगातार पत्राचार कर रहे हैं। शुक्रवार को भी मेडिकल कॉलेज की ओपीडी, एक्स-रे कक्ष में भीड़ की वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई पीएचसी फार्मासिस्टों के भरोसे संचालित हो रही है।
मौसमी बुखार हो या शाम ढलने के बाद जाने वाले मरीजों की हालत गंभीर बताकर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जा रहा है।
यहां आने के बाद डॉक्टर अधिकातर मरीजों को दवा देकर डिस्चार्ज कर दे रहे हैं। इसके चलते मेडिकल कॉलेज के ओपीडी में प्रतिदिन दो हजार से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें कई मरीज वॉयरल बुखार व सामान्य रोगी भी आ रहे हैं, अगर सीएचसी, पीएचसी पर सामान्य रोगियों को इलाज मिले तो मेडिकल कॉलेज में मरीजों के बढ़ता भार कम हो जाएगा।
सिर्फ कागजों में सक्रिय है एफआरयू : े गौरीबाजार, भटनी, रूद्रपुर, सलेमपुर और बरहज सीएचसी को एफआरयू बनाया गया है। यहां पर गर्भवती महिलाओं का सामान्य प्रसव के अलावा ऑपरेशन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए एक एनेस्थिसिया और गायनी की तैनाती भी की गई थी, लेकिन गायनी और एनेस्थिसिया की कमी के कारण एफआरयू सेंटर पर प्रसव नहीं हो रहा है।