खुखुंदू। थाना क्षेत्र के महुई संग्राम गांव में रसोई गैस सिलेंडर लेने के मामले को लेकर पड़ोसियों ने मां-बेटी की पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के बीच-बचाव से मामला शांत हुआ। दोनों घायलों का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महुई संग्राम गांव निवासी नेहा देवी का रसोई गैस सिलेंडर का गैस समाप्त होने पर वह पड़ोसी से भरा हुआ सिलेंडर लेकर लगाई थी। बदले में उसके रुपये दे दी थी। आरोप है कि पड़ोसी मंगलवार को अपना दिया गैस सिलेंडर मांगने लगे। नेहा देवी ने कहा कि हमारे पास भरा हुआ गैस सिलेंडर है ले लीजिए और बदले में एक हजार रुपये दे दीजिए। यह बात पड़ोसियों को नागवार गुजरी और पड़ोसियों ने नेहा की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर बेटी आराधाना पहुंची तो हमलावरों ने उसे भी मारापीटा। पीड़िता ने थाने पहुंच तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।