संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमुपर। रामपुर बुजुर्ग गांव के रहने वाले अजीत गोंड की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस पिता अशोक गोंड़ की तहरीर पर अजीत की पत्नी व उसके दो दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई से आरोपी घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी है।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग गांव निवासी अजीत गोंड की 30 मई को सलेमपुर नगर पंचायत के सलाहाबाद मोहल्ले में किराए के मकान में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। पुलिस ने अजीत के शव को घर में बेड पर पाया था। घटना के समय पत्नी रानी और उसके दो दोस्त घर पर मौजूद थे। घटना के दिन अजीत की पत्नी ने ससुराल वालों को बताया कि अजीत ने छत की कुंडे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है, जबकि अजीत के पिता अशोक प्रसाद गोंड ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बहू से मिली सूचना के आधार पर सलाहाबाद पहुंचे तो अजीत का शव बेड पर पड़ा था। उन्होंंने कहा कि देखने से लग रहा था कि अजीत की हत्या की गई है। मौके पर अजीत की पत्नी व दोस्त महदहां बाग निवासी राज कुमार यादव, वार्ड संख्या 13 पाठशाला रोड निवासी संदीप मद्धेशिया थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि अजीत की हत्या उसकी पत्नी रानी और उसके दोस्तों ने मिलकर की है।
पुलिस ने शंका के आधार पर उसके दोस्त राज कुमार यादव को हिरासत में लेकर पांच दिन तक कोतवाली में बैठाकर पूछताछ भी की। बाद मेंं शांतिभंग में चालान कर दिया। बाद में परिवार वालों ने एसपी विक्रांत वीर से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 17 दिन बाद तहरीर के आधार पर सोमवार की देर रात केस दर्ज कर लिया।