एकौना। राप्ती के किनारे देवरिया और गोरखपुर की सीमा पर दो गांवों के किशोरों के डूबने से सनसनी फैल गई।
एक किशोर को बचाने के प्रयास में दो के डूबने की जानकारी पर लोग स्तब्ध नजर आए। हादसे के शिकार हुए किशोरों के परिजनों की चित्कार सुन लोग नियति को कोसते रहे। भिरवा गांव निवासी राजेश साहनी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते है। उनके दो बेटों में बड़ा सुजीत (17) कक्षा नौ में पढ़ता था उसका छोटा भाई तन्मय कक्षा चार में पढ़ता है।
सुजीत स्कूल से आने के बाद खेत के काम में पिता की मदद करता था। वह खेत की तरफ ही गया था कि नदी में नरायनपुर गांव निवासी समर को डूबता देख बचाने के लिए कूद पड़ा और उसकी जान चली गई।
वहीं, गोरखपुर के बड़हलगंज थानाक्षेत्र के खुटभार निवासी भोला पासवान का बेटा प्रियांशु नदी की तरफ घूमने गया था। दो लड़कों को डूबता देख उन्हें बचाने के प्रयास में प्रियांशु की भी मौत हो गई। वह दो भाई और दो बहनों में बड़ा था।