संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। सावन माह में बाबा वैद्यनाथ धाम देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बिहार रूट की अधिकतर ट्रेनें इन दिनों घंटों विलंब से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण श्रद्धालु अपने निर्धारित समय पर बाबाधाम नहीं पहुंच पा रहे हैं। रेलवे की ओर से विशेष रूप से चलाई जा रही मेला स्पेशल, क्लोन एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं।
इससे श्रद्धालु रेलवे स्टेशनों पर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। स्थानीय स्टेशनों पर बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। खासकर नागपंचमी के बाद भक्तों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
रेलवे और जिला प्रशासन को पहले से ही सतर्क कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष हेल्प डेस्क, पीने के पानी और शौचालय जैसी व्यवस्था तो की है, लेकिन ट्रेनें समय से न चलने के कारण व्यवस्थाएं भी नाकाफी साबित हो रही हैं।
श्रद्धालुओं ने ट्रेनों की समयबद्ध संचालन की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के इस पावन माह में उन्हें अनावश्यक मानसिक और शारीरिक कष्ट झेलना पड़ रहा है।
प्रशासन का कहना है कि संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी की जाएगी। स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि विभिन्न स्टेशनों पर मरम्मत कार्य चलने के कारण ट्रेनें कुछ प्रभावित हो रही है। जल्द ही समस्या समाधान हो जाएगा।