देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा जनपदीय टास्क फोर्स की बैठक विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जिले के विभिन्न स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। विद्युत कनेक्शन से संबंधित समीक्षा में यह पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत 97 विद्यालयों को विद्युत कनेक्शन देने के लिए धनराशि भेजी गई थी, लेकिन अब तक केवल 16 विद्यालयों में कनेक्शन पूरा हो सका है। शेष 81 विद्यालयों का कार्य अधूरा पाया गया। बैठक में सलेमपुर के अधिशासी अभियंता उपस्थित थे, और शेष कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा में यह पाया गया कि जिले में कुल 2120 विद्यालयों में से 1442 विद्यालयों में सीडब्ल्यूएसएन शौचालय की सुविधा उपलब्ध है, जबकि 678 विद्यालयों में यह कार्य अधूरा है। इनमें से 66 विद्यालयों में कार्य चल रहा है, और 63 विद्यालयों में भूमि विवाद की समस्या है। सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर सीडब्ल्यूएसएन शौचालय निर्माण की कार्ययोजना प्रस्तुत करें और कार्यों में प्रगति लाने के लिए ठोस कदम उठाएं।
चहारदीवारी निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पाया गया कि जिले के 2120 विद्यालयों में से 1843 विद्यालयों में चहारदीवारी का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 277 विद्यालयों में यह कार्य अधूरा है। इनमें 59 विद्यालयों में भूमि विवाद है और 41 विद्यालयों में भूमि उपलब्ध नहीं है। खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक बैठक कर चहारदीवारी निर्माण की कार्ययोजना प्रस्तुत करें और कार्यों में तेजी लाएं। वित्तीय वर्ष 2023 में स्वीकृत 6 यूपीएस के तहत 4 विद्यालयों में कार्य शुरू हो चुका है, जबकि 8 विद्यालयों का काम शुरू नहीं हुआ है। 12 विद्यालयों में ले-आउट का काम चल रहा है, 4 विद्यालयों में 25 प्रतिशत कार्य, 3 विद्यालयों में 50 प्रतिशत, 12 विद्यालयों में 75 प्रतिशत और 46 विद्यालयों में कार्य पूरा हो चुका है। अपूर्ण कार्यों को 30 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, और सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, और सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।