देवरिया/भटनी। नूनखार रेलवे स्टेशन स्थित यार्ड में कार्य चलने के चलते सोमवार को भी भटनी से देवरिया तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। रेलवे प्रशासन की ओर से सुबह 11:30 से दोपहर 2:30 बजे तक ब्लॉक लिया गया था। मरम्मत कार्य के दौरान पटरियों व स्लीपर को बदलने का काम चला। तीन घंटे तक के लिए लिए गए ब्लॉक के कारण इसका असर कई ट्रेनों की समय-सारणी पर पड़ा। दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर, जाने वाली ट्रेनें तीन से चार घंटे की देरी से चली। इस दौरान ट्रेनों को भटनी, भाटपाररानी और बनकटा में रोक कर चलाया गया। इसके चलते ट्रेन में सफर कर रहे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
गोरखपुर-छपरा रेल खंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए रेल प्रशासन पटरियों के मरम्मत कार्य में जुटा है। इसी क्रम में नूनखार रेलवे स्टेशन के यार्ड में 28 दिसंबर तक मरम्मत का कार्य होना है। इसके लिए रेलवे के जिम्मेदार एक-एक दिन के अंतराल पर ब्लॉक लेकर मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने में लगे हैं। सोमवार को ब्लॉक के चलते पूरे दिन ट्रेनों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रोक कर धीरे-धीरे निर्माणाधीन ट्रैक से निकाला गया। आसपास के रेलवे ट्रैक पर युद्ध स्तर पर कार्य चलता रहा। बड़ी संख्या में मजदूर और इलेक्ट्राॅनिक मशीनें लगाकर यहां कार्य कराया गया। इस वजह से दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को भाटपाररानी तो वैशाली सुपरफ़ास्ट एक्सप्रेस को भटनी रेलवे स्टेशन पर आधे घंटे तक रोकना पड़ा। साथ ही मौर्य एक्सप्रेस को अहिल्यापुर, बाघ एक्सप्रेस को बनकटा, बरौनी -ग्वालियर एक्सप्रेस को भटनी, मुंबई -गोरखपुर एक्सप्रेस को सलेमपुर खड़ा कर जगह मिलने पर चलाया गया। इस दौरान ट्रेनों के समय- सारणी पर जहां असर पड़ा, वही ट्रेन में सवार यात्री और रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के प्रतीक्षा में बैठे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। भटनी के स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि नूनखार रेलवे स्टेशन पर ब्लॉक के दौरान ट्रेनों को रोक -रोक कर कम स्पीड में चलाया गया। एक दिन के अंतराल के बाद बुधवार को पुनः ब्लॉक लिया जाएगा। देवरिया सदर के स्टेशन अधीक्षक संदीप भटनागर ने कहा कि सोमवार को नूनखार रेलवे स्टेशन पर पटरी-स्लीपर आदि बदलने का कार्य होने के चलते सुबह 11:30 से 2:30 बजे तक का ब्लॉक लिया गया था। इस बीच कोई भी अप ट्रेन नहीं चली। आसपास के स्टेशनों पर इन्हें खड़ा किया गया था। ऐसे में कुछ ट्रेनें विलंब से रेलवे स्टेशन पर पहुंची।