देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी आईडी बनाने और उसके जरिये लोगों से रुपये मांगने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जालसाजों ने फर्जी प्रोफाइल से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट और मैसेज भेजे थे। इसके बाद रुपये की मांग की जा रही थी। साइबर टीम अब फर्जी आईडी बनाने वाले लोगों की पहचान के साथ ही भेजे गए संदेशों की जानकारी जुटा रही है।
मामला शनिवार की रात करीब 10 बजे जानकारी में आया। साइबर जालसाजों ने डीएम मधुसूदन हुल्गी की पहचान और फोटो का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी।
इसके बाद उस आईडी से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। संपर्क होने पर मैसेंजर के जरिए संदेश भेजकर रुपये मांगे जाने लगे। मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुई।
उन्होंने डीएम के नाम और फोटो से बने संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट से आने वाले संदेश का जवाब नहीं देने और किसी भी तरह की रकम नहीं भेजने को कहा है।
फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की गई है। साइबर टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी सोशल मीडिया आईडी किसने बनाई और उससे किन-किन लोगों को संदेश भेजे गए। ब्यूरो