विकास भवन स्थित इलाहाबाद बैंक के बाहर ग्राहकों की लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। शहर और देहात इलाके में स्थित बैंक में कैश की किल्लत दूर नहीं हो सकी हैं। 500 और 2000 रुपये मिलने से ग्राहकों में नाराजगी है। नाराज ग्राहकों ने देसही देवरिया रोड कुछ देर के लिए बाधित कर दिया। उधर शहर के एटीएम में दोपहर के बाद कैश भरा गया।
इसके बाद कतार में खड़े लोगों को रुपये मिले। शहर और देहात की बैंक शाखाएं मंगलवार को रुपये की कमी से जूझती रही। शहर के कुछ बैंक शाखाओं को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश जगहों पर 2000 रुपये बांटे गए जबकि देहात की बैंक शाखाओं में 500 रुपये दिए गए। शहर के राघवनगर स्थित आईडीबीआई बैंक में निर्धारित रुपये बांटें गए। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, केनरा बैंक, इंडियन बैंक आदि शाखाओं में सैकड़ों लोगों की भीड़ देखने को मिली।
देसही देवरिया के पूर्वांचल बैंक में 11 बजे तक रुपये का वितरण शुरू नहीं हुआ इस पर कतार में खड़े लोग भड़क उठे। चौराहे की सड़क को जाम कर दिया। पुलिस के मान मनौव्वल पर जाम समाप्त हुआ। हरैया बसंतपुर में 11 बजे के बाद 500-500 रुपये बांटे गए।
बरवामीर छापर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 1000 रुपये मिला। विकास भवन, कोतवाली रोड आदि एटीएम में दोपहर के बाद कैश लोड किया गया इसके बाद रुपये मिल सके। यहां पर सुबह से लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई थी।