राजस्थान का गायब बच्चा मिला।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। राजस्थान से लापता बालक आम्रपाली एक्सप्रेस में मिला। पूछताछ में बालक ने अपने अगवा होने की जानकारी पुलिस को दी। पड़ताल के बाद पुलिस ने बालक को उसके चाचा को सौंप दिया। वहीं बालक द्वारा दी गई सूचना की जांच की जा रही है।
मऊ, दोहरीघाट निवासी जयराम यादव अलवर(राजस्थान) जिले के भिवाड़ी आलमनगर में परिवार के साथ रहते हैं। वे वहीं एक कंपनी में काम भी करते हैं। बुधवार सुबह उनका 12 वर्षीय बेटा सुंदरम रहस्यमय में लापता हो गया। खोजबीन में उसका कहीं पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह सहरसा जा रही आम्रपाली एक्सप्रेस में बच्चा रोते हुए मिला। स्कॉर्ट में चल रही आरपीएफ टीम ने जब बच्चे से पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुंदरम बताया।
साथ ही कहा कि खेलने के दौरान चार पहिया सवार कुछ लोगों ने उसे अगवा कर लिया था। होश आया तो वह लखनऊ जंक्शन पर था। मऊ जाने की कोशिश में गोरखपुर आ रही आम्रपाली एक्सप्रेस में सवार हो गया।
आरपीएफ के सिपाहियों ने मामले की सूचना इंस्पेक्टर दिलीप कुमार को दी। इसके बाद आरपीएफ ने राजस्थान संपर्क किया। तो घरवालों ने बच्चे के गायब होने की सूचना दी।
जानकारी होने पर जयराम के सगे भाई श्रीराम यादव मऊ से देवरिया पहुंचे। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने पूरी तस्दीक करने के बाद बालक को परिवार वालों को सौंप दिया।