तरकुलवा(देवरिया)। देवरिया-कसया मार्ग पर थाना मोड़ के पास मंगलवार शाम ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाकर आवागमन बहाल कराया।
कुशीनगर जिले के गोबरही (टेकुआटार) निवासी कमलेश राय मंगलवार को तरकुलवा बाजार से अरहर की दाल खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे थाना मोड़ से लगभग 50 कदम उत्तर की ओर मुड़ते समय देवरिया की तरफ से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उनके पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद साप्ताहिक बाजार के चलते मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने घायल को सड़क किनारे किया और ट्रक को रोक लिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
सूचना पर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा भिजवाया और जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया।