मईल। भागलपुर ब्लॉक के नेनुआ प्राथमिक विद्यालय का मर्जर जिलाधिकारी के आदेश पर निरस्त कर मंगलवार से अध्यापक की तैनाती कर पठन पाठन शुरू हो गया। जिससे ग्रामीणों में खुशी जाहिर की है।
एक साल पहले सरकार की पहल पर जिन विद्यालयों में 50 से कम बच्चों का नामांकन था।उसे आसपास के गांव के विद्यालयों में बच्चों का मर्ज कर वहा के अध्यापकों की तैनाती दूसरे विद्यालय में कर दी गई थी। इसमें भागलपुर ब्लॉक के नेनुआ विद्यालय सहित 22 प्राथमिक विद्यालय को बंद कर आसपास के विद्यालय में मर्जर किया था। जिसको लेकर नेनुआ विद्यालय को चालू कराने के लिए ग्रामीणो ने कई बार धरना प्रदर्शन किया था।
ग्रामीणों का आरोप था कि जिस विद्यालय में यहां के बच्चों का समायोजन हुआ है। वहां की दूरी 2 से 3 किमी है। गरीब बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी भागलपुर सूरज कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण के मांग पर जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से अध्यापक की तैनाती कर पठन पाठन शुरू करा दिया गया है।