देवरिया। सूरज की तपिश हर रिकार्ड तोड़ने को आतुर है। शनिवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। पूरे दिन लू चली। शाम पांच बजे भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर था।
अभी अगले चार दिन ऐसे ही तापमान बना रहेगा। इस बढ़ते तापमान और लू को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से घर से निकलते समय जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग ने भी हीट वेब के मरीजों के लिए बनाए गए वार्ड को एक्टीवेट कर दिया है।
देवरिया में आमतौर पर जून में 42 डिग्री तक तापमान पहुंचता है, लेकिन इस बार मई में ही सारे रिकार्ड ध्वस्त हो रहे हैं। बुधवार से ही दिन में आग बरस रही है। शुक्रवार को सुबह हल्के बादल छाए थे लेकिन दोपहर बाद तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। शनिवार को सुबह 10 बजे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। दोपहर 12 बजे तामान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अभी बुधवार तक ऐसे ही हालात बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने भी लोगों को लू से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन की तरफ से जारी अपील में कहा गया है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो दिन में 10 बजे से शाम पांच बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर निकल भी रहें तो सूरज की सीधी रोशनी में आने से बचने के लिए सिर ढक कर निकलें।