मथुराछापर को 4-1 से हराकर मेहाहरहंगपुर ने जीती ट्रॉफी
तरकुलवा। विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कनकपुरा के प्रांगण में चल रहे दिग्विजय प्रताप कौशिक स्मारक फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच बुधवार को मेहाहरहंगपुर और मथुरा छापर की टीम के बीच खेला गया। मेहाहरहंगपुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मथुराछापर को 4-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मेहाहरहंगपुर की टीम का शुरू से ही दबदबा रहा। पहले हॉफ में मेहाहरहंगपुर की टीम ने 2-1 की बढ़त बना ली। दूसरे हॉफ में पुन: दो गोल करके मेहाहरहंगपुर की टीम ने 4-1 से मुकाबला जीत लिया।
मुख्य अतिथि कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काट कर मैच का शुभारंभ किया। आयोजक मुन्नू बाबू ने विजेता व उप विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। निर्णायक डॉ. नसीर अहमद रहे। कमेंट्री पप्पू शर्मा ने की। लाइनमैन की भूमिका में अंकित, विकास, शिवचंद, शफीक अहमद, आकाश शर्मा, अभिषेक गोंड रहे। गोल जज का कार्य बलिराम ठाकुर व रफीक अंसारी ने किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जीवन पति त्रिपाठी, रवींद्र किशोर कौशल, अमित सिंह, राकेश प्रसाद, अवधेश सिंह, विभूति गोंड, नजरुद्दीन खां, विनोद गोंड, मुंशी कुशवाहा, देवेश कौशिक आदि मौजूद रहे।