संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में प्रवेश लिए छात्रों को शनिवार को हास्पिटल भ्रमण कराया गया। मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष ने छात्रों को ओपीडी के एक-एक विभाग से लेकर जांच केंद्रों से रूबरू कराया। साथ ही उसके बारे में जानकारी दी।
एमबीबीएस प्रथम वर्ष 2024 बैच में 95 छात्रों ने दाखिला लिया है। फाउंडेशन कोर्स के तहत उन्हें हास्पिटल विजिट भी किया जाना था। मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सराजुद्दीन की देखरेख में छात्र प्रशासनिक भवन से निकले। डॉ. जफर अनीस भी थे। वह सबसे पहले मोर्चरी पहुंचे और उसके बारे में छात्रों को बताया। इसके आयुष विभाग, वैक्सीन स्टोर, डायलिसिस सेंटर का भ्रमण कराए और उसके बारे में बताया। यहां से छात्रों को सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे सेंटर, एआरटी सेंटर दिखाए। इसके बाद ब्लड बैंक, प्रधानाचार्य आवास, पुलिस चौकी, निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर व इमरजेंसी से रूबरू कराया गया। यहां से मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सराजुद्दीन व डॉ. जफर अनीस छात्रों को लेकर ओपीडी पहुंचे, जहां मेडिसिन, मानसिक रोग, चेस्ट व टीबी, दंत रोग, चर्म रोग, ईएनटी, सर्जरी, नेत्र विभाग, नेत्र परीक्षण केंद्र, आर्थो विभाग, रजिस्ट्रेशन काउंटर, पैथालाजी रजिस्ट्रेशन व ब्लड कलेक्शन सेंटर के बारे में जानकारी दी।