भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते यात्री। संवाद
देवरिया/भटनी। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर रेल यातायात पर पड़ रहा है। रविवार को मौर्य एक्सप्रेस करीब 12 घंटे, जबकि वैशाली एक्सप्रेस करीब सात घंटे की देरी से स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर पहुंची। ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण देवरिया और भटनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उत्तर भारत में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम खराब होने से ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई है। इससे लोगों को घंटों प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान ठंड से बचने के लिए यात्री प्लेटफॉर्म पर चाय की दुकानों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को संभलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 12 घंटे, नई दिल्ली-ललितग्राम वैशाली एक्सप्रेस सात घंटे, मुंबई-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस दो घंटे, अमृतसर-दरभंगा जनसाधारण एक्सप्रेस तीन घंटे, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस, अयोध्या धाम-भटनी जंक्शन पैसेंजर डेढ़ घंटे, नई दिल्ली-दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस पांच घंटे, नई दिल्ली-बरौनी क्लोन एक्सप्रेस सात घंटे, आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस दो घंटे संचालित हुईं। ट्रेनों के लेट होने से दैनिक यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ीं। स्टेशन अधीक्षक भटनी मनोज पांडेय ने बताया कि घने कोहरे और दृश्यता कम होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार घटानी पड़ रही है। ो