खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में मायके आई विवाहिता अपने दो साल के बच्चे को लेकर प्रेमी संग भाग गई। माता-पिता और भाई ने पहले विवाहिता की खोजबीन की, जब पता नहीं चला तो उसके ससुराल में पूछताछ की, मगर वहां भी नहीं थी।
मायके वालों का कहना है कि खोजबीन के दौरान पता चला है कि विवाहिता को गांव का ही एक युवक भगा कर ले गया है। आरोप है कि विवाहिता करीब एक लाख रुपये, बैंक पासबुक और सोने की अंगूठी भी ले गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती की शादी करीब तीन साल पहले रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई है। दोनों के बीच एक दो साल का बेटा भी है। विवाहिता एक माह पहले मायके आई थी।
यहीं से वह गांव के एक युवक के साथ चार दिन पहले भाग गई। विवाहिता की मां का कहना है कि बेटी के घर से जाने के बाद पता चला, जो युवक भगा ले गया है, वह बाहर रहता है।
मां का कहना है कि दोनों लंबे समय से मोबाइल फोन पर बात करते थे। उन्होंने कहा कि युवक के परिवार वालों ने बेटी को भगाने में मदद की है। प्रभारी थानेदार लवकुश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर नहीं मिली है। संवादक