भागलपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीद के लिए प्रशासन ने ब्लॉक क्षेत्र में चार क्रय केंद्र खोले हैं लेकिन किसान इन केंद्रों पर धान बेचने नहीं पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर बाजार में निजी आढ़तियों की दुकानों पर किसानों की भीड़ जुट रही है। इसकी वजह सरकारी समर्थन मूल्य से अधिक बाजार भाव व तत्काल नकद भुगतान मिलना बताया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से ब्लॉक क्षेत्र में सहकारी समिति अंडिला, सहकारी समिति टीकर, विपणन शाखा भागलपुर और क्रय-विक्रय सहकारी समिति भागलपुर को धान क्रय केंद्र बनाया गया है। शासन ने धान का समर्थन मूल्य 2445 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। केंद्रों पर खरीद के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी की गई हैं लेकिन किसान उपज लेकर नहीं पहुंच रहे हैं। दरअसल, खुले बाजार में इस समय धान का भाव 2500 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है।
क्रय-विक्रय सहकारी समिति के केंद्र प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि धान खरीद का अभी शुरुआती दौर है। किसानों को सरकारी केंद्रों पर उपज बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उम्मीद है कि धीरे-धीरे आवक बढ़ेगी।