संधोधित:- गांव का नाम हटाया गया
मामा-भांजे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
कुशीनगर के कसया ब्लॉक का रहने वाला है युवक
पथरदेवा ब्लॉक के बंजरिया में है ननिहाल
विदेश जाने के चक्कर में निजामुद्दीन इलाके में गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके से आया युवक कई दिनों से ननिहाल में था। जानकारी होने पर गांवों में खलबली मच गई। डीएम तक मामला पहुंचा तो टीम घर पहुंची और उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। युवक का सैंपल जांच के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
कुशीनगर के कसया ब्लॉक के एक गांव का रहने वाला एक युवक दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में विदेश जाने के चक्कर में गया था। वह कई दिनों तक वहां था। कोरोना वायरस के कारण वह विदेश नहीं जा सका और 14 मार्च को घर आ गया। 24 मार्च को वह देवरिया जिले के पथरदेवा ब्लॉक के एक गांव में ननिहाल आया और यहीं रह रहा था। इसकी जानकारी किसी ने डीएम अमित किशोर को दी। डीएम के निर्देश पर पथरदेवा बीडीओ आलोक कुमार सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ उसके ननिहाल पहुंचे। स्वास्थ्य टीम ने युवक को गांव के बाहर से ही एंबुलेंस में बैठा लिया। इस बाबत सीएमएस डॉ. छोटेलाल ने बताया कि एक युवक को आइसोलेशन वार्ड में संदेह में रखा गया है। सैंपल लिया गया है। जांच के लिए भेजा जाएगा।