तरकुलवा। स्थानीय उपकेंद्र की 33 केवीए मेन लाइन में बुधवार की सुबह अचानक ब्रेक डाउन हो गया। इससे नगर क्षेत्र समेत 150 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। करीब पांच लाख आबादी बिजली-पानी के लिए परेशान है। बिजली कर्मियों के साथ निगम के अधिकारी पूरे दिन फॉल्ट को दुरुस्त करने की कोशिश करते रहे, मगर शाम तक उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी। 33/11 केवीए उपकेंद्र की मेन लाइन की आपूर्ति कुशीनगर जिले के कसया स्थित 132 केवीए उपकेंद्र से होती है। तरकुलवा उपकेंद्र के तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर और बंजरिया फीडर से तरकुलवा और पथरदेवा नगर पंचायत के अलावा गढ़रामपुर, कंचनपुर, गुलहरिया, बंजरिया, महुआपाटन, सोनहुला रामनगर, मुंडेरा बाबू, महुअवा बाजराटर सहित 15 से अधिक बड़े बाजार और लगभग 150 गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है।
इधर कुछ दिनों से तापमान बढ़ने के साथ ही उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाने चुकी है। कोई ऐसा दिन नहीं जब मेन लाइन में ब्रेकडाउन एवं उपकेंद्र पर लगे फीडरों में तकनीकी खराबी से आपूर्ति बाधित नहीं होती हो। इस बीच बुधवार सुबह 9:30 बजे के करीब उपकेंद्र की 33 केवी मेन लाइन में कही ब्रेकडाउन हो गया। इसके चलते उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
एसडीओ सुशांत शर्मा और जेई लवलेश सिंह ने बताया कि कसया उपकेंद्र के पास मेन लाइन में ब्रेकडाउन है। फॉल्ट को ढूंढ़ने के लिए कर्मचारी कसया से तरकुलवा तक पेट्रोलिंग कर प्रत्येक बिजली खंभे और इंसुलेटर की जांच रहे हैं। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।