मगहरा। क्षेत्र के एक गांव में एक युवती का शव घर के कमरे में छत की कुंडी से लटकता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती के आत्महत्या की वजह लोग तय हुई शादी के रिश्ते को बता रहे हैं।
बकुची मिश्र गांव निवासी छांगुर कन्नौजिया के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। जिसमें दूसरे नंबर की 18 वर्षीया शालू थी। परिवारीजनों का कहना है कि वह रोज की तरह रविवार शाम भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। सोमवार की सुबह जब देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन दरवाजा खोलने के लिए उसे जगाने लगे। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर परिवारीजन खिड़की के रास्ते कमरे में झांके तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए।
किसी तरह दरवाजा खोलकर उसके शव को नीचे उतारा गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। युवती की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत लोगों में चर्चा का विषय था। गांव के लोग मुंह खोलने से कतरा रहे थे। बताया जा रहा है कि अप्रैल माह में उसकी शादी तय थी। जिससे वह नाखुश थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष मृत्युंजय पाठक ने बताया कि शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया है। युवती के आत्महत्या की वजह तय रिश्ता बताया जा रहा है।