लिफ्ट देने के बहाने बलरामपुर जिले की एक किशोरी (17) का यौन शोषण करने का आरोप ट्रक चालक पर लगा है। रविवार की सुबह सलेमपुर कोतवाली के पास ट्रक रुकने पर किशोरी चालक के चंगुल से छूटकर सलेमपुर कोतवाली पहुंची और आपबीती बताते हुए आरोपी पर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कोतवाली में जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को भेज दिया है। किशोरी को वन स्टाॅप सेंटर देवरिया में रखा गया है। तहरीर के मुताबिक, बलरामपुर जिले के एक गांव की किशोरी शनिवार की देर रात बलरामपुर के पास मुख्य मार्ग पर खड़ी थी।
इसी दौरान एक ट्रक चालक ने उससे बातचीत की और परेशानी पूछी। आरोप है कि चालक ने उसे झांसा देकर ट्रक में बैठा लिया।
किशोरी ने तहरीर में लिखा है कि चालक ने उसे बताया कि ट्रक बिहार जा रहा है। लौटते समय उसे बस्ती में उतार देगा। किशोरी के मुताबिक, ट्रक में बैठने के बाद चालक ने खलासी को ट्रक चलने के लिए दे दिया। आरोप है कि चालक ने बलरामपुर और बस्ती के बीच उसका यौन शोषण किया।
रात होने की वजह वह किसी से मदद नहीं ले सकी। सुबह चालक ने सलेमपुर कोतवाली के पास ट्रक खड़ा कर चाय पीने उतर गया। इसी बीच वह भाग निकली।
प्रारंभिक जानकारी में घटनास्थल बस्ती और बलरामपुर के बीच का बताया जा रहा है, इसलिए सलेमपुर कोतवाली में जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित पुलिस को भेज दी गई है। इस मामले की विवेचना बलरामपुर पुलिस करेगी: गौरव सिंह, सीओ सलेमपुर