विदेश में नौकरी पाने के लालच में लाखों रुपये गंवाए
खुखुंदू (देवरिया)। विदेश में नौकरी करने के लालच में कुछ युवक रकम गवां बैठे। आरोप है कि स्थानीय थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव का एक युवक इन युवकों से लाखों रुपये ऐंठ लिया है। एक साल पहले उसने कई युवकों से इंडोनेशिया, मलयेशिया का फर्जी वीजा और टिकट देकर रुपये हड़प लिया। पीड़ितों के पहुंचने पर उसने फिर उसी रकम में दोबारा भेजने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि उसने दोबारा धोखाधड़ी की। अब वह घर छोड़कर फरार है। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
भटनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवराज निवासी श्रवण कुमार, गोविंद गुप्ता, रतन यादव और रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा निवासी सूरज सहित अन्य कई जगहों से आए युवकों ने शनिवार को दी गई तहरीर में लिखा है कि तकरीबन एक साल पहले विदेश भेजने के नाम पर मझवलिया के रहने वाले युवक ने अलग-अलग खातों में किसी से एक लाख तो किसी से 85 हजार और कुछ लोगों से 70 हजार, 50 हजार रुपये बारी-बारी से मंगाए। उसके बाद पहली बार बीते साल नवंबर में फर्जी वीजा और टिकट मंगाकर धोखा दिया। जब हो-हल्ला हुआ तो फिर उसी रकम में विदेश भेजने की बात कहकर सबको मना लिया।
आरोप है कि दोबारा भी फर्जी वीजा और टिकट देकर उसने धोखाधड़ी की। विरोध करने पर रुपये लौटाने की बात कहने लगा। अब मोबाइल फोन स्विच ऑफ करके फरार है। उसके घर पर ताला लटका है। तहरीर देने वाले पीड़ितों में मनिकापुर जिला मऊ, कुशीनगर और बलरामपुर के सात पीड़ित युवक शामिल हैं। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रकरण की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।