देवरिया। बिजली लाइनों के सुधार पर बिजली निगम हर साल तीन से चार करोड़ रुपये खर्च कर रहा है, मगर शहर से लेकर गांव तक कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां आबादी या खेतों के बीच लटके-तार पोल न हों।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान तार-पोल हटाने के लिए निर्माण एजेंसी से बिजली निगम भुगतान लेता है, फिर भी सड़क से सटकर ट्रांसफार्मर बिना किसी सुरक्षा के रखे हुए हैं।
जब कोई हादसा होता है तो कुछ दिन तक अफसर इन्हें सही करवाने की बातें तो करते हैं, लेकिन जैसे ही लोगों का आक्रोश ठंड पड़ता है, फिर लटके-तार पोल सब भूल जाते हैं।
शहर के सीसी रोड पर रामनाथ देवरिया मोहल्ले के पास मोड़ पर ही दो ट्रांसफार्मर सड़क से बमुश्किल दो से तीन फुट की ऊंचाई पर रखे हैं।
सड़क पर मोड़ होने के चलते यहां वैसे ही हादसे का डर रहता है, ऊपर से ये दो ट्रांसफार्मर हैं। कभी कोई ओवरस्पीड में हादसा हुआ तो ट्रांसफार्मर से भी टकराएगा।
इसी तरह राघवनगर स्थित स्टेट बैंक व यूनियन बैंक के पास ही ट्रांसफार्मर रखा है, जहां सुरक्षा उपाय नहीं हैं। जबकि यह भीड़भाड़ वाला इलाका है।
ए कसया रोड पर बालाजी मंदिर के पास सड़क पर अक्सर भीड़ रहती है। यहां तीन-चार मैरेज हॉल पास-पास ही हैं।