रामपुर बुजुर्ग/बनकटा। बिहार सीमा पर धरनी छापर चेकपोस्ट पर मंगलवार को बिहार उत्पाद विभाग की टीम ने रुई की गांठों में छिपाकर रखी गई 600 कार्टन अंग्रेजी शराब पकड़ी। ट्रक चालक को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
चालक की पहचान समस्तीपुर जिले के सराय रंजन थाना क्षेत्र के मनिका बुजुर्ग गांव निवासी विजय कुमार महतो के रूप में हुई। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पंजाब से शराब की बड़ी खेप धरनी छापर के रास्ते बिहार भेजी जा रही है।
विज्ञापन
सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान एक ट्रक की तलाशी ली गई। उसमें ऊपर से रुई की गांठें भरी थीं। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध लगने पर ट्रक को स्कैनिंग मशीन से चेक किया गया। स्कैनिंग के दौरान रुई के अंदर छिपाकर रखे गए 600 कार्टन अंग्रेजी शराब का भंडार सामने आया।
पुलिस की पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की यह खेप पंजाब से लाकर समस्तीपुर जिले में विभिन्न ठिकानों पर उतारी जानी थी। उत्पाद अधीक्षक शशांक कुमार ने बताया कि बरामद शराब, ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।