लाइनमैन पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
रामपुर कारखाना। रामपुर कारखाना नगर पंचायत में प्राइवेट लाइनमैन की मौत के मामले में लाइनमैन विनोद कुमार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। शटडाउन लेने के बावजूद सप्लाई शुरू कर देने से प्राइवेट लाइनमैन की झुलसने से मौत हो गई थी। विरोध में नगर पंचायत के लोगों ने रामपुर कारखाना के मुख्य चौराहे पर देवरिया कसया मार्ग जाम किया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया था।
नगर पंचायत रामपुर कारखाना के ठाकुर रामेश्वर वार्ड स्थित 400 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर को तार जोड़कर चालू करने के लिए सोमवार को लाइनमैन विनोद कुमार दो अन्य कर्मचारियों के साथ रामपुर कारखाना पहुंचा। उसने कस्बे के सोनार टोली वार्ड निवासी उमेश विश्वकर्मा (25) को अपने साथ ले लिया। लाइनमैन शटडाउन लेकर खुद नीचे रहा और उमेश को खंभे पर चढ़ा दिया। वह तार को जोड़ रहा था कि शटडाउन के बावजूद सप्लाई चालू कर दी गई। इससे वह करंट की चपेट में आने से झुलस कर खंभे से नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को मृतक की मां बिंदु देवी की तहरीर पर लाइनमैन विनोद कुमार पता अज्ञात के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि मामले में शटडाउन देने वाले कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
------
4 दिन बाद रामेश्वर वार्ड के उपभोक्ताओं को मिली बिजली
सोमवार को ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति शुरू करनी थी। लेकिन हादसे के चलते सरकारी लाइनमैन मौके से भाग निकले। जबकि प्राइवेट लाइनमैन की मौत से संविदा कर्मचारियों में दहशत पसर गई। मंगलवार को विभाग के दूसरे लाइनमैन और नगर पंचायत रामपुर कारखाना के संविदा कर्मचारियों की मदद से तार जोड़ा गया। इसके चलते 4 दिन बाद ठाकुर रामेश्वर वार्ड के भक्तों को बिजली मिलनी शुरू हुई।