फाल्ट ठीक कर रहे प्राइवेट लाइनमैन की करंट से मौत
भाटपाररानी। खामपार थाना क्षेत्र के ग्राम संवरेजी में रविवार दोपहर करीब दो बजे प्राइवेट लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। शटडाउन लेने के बावजूद किसी ने लाइन चालू कर दी और हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खामपार थाना के ग्राम बनकटा शंभू निवासी सूर्य देव यादव (55) भटनी विद्युत उप केंद्र पर प्राइवेट लाइनमैन थे। परिजनों ने बताया कि दोपहर दो बजे वे ग्राम सवरेजी में शटडाउन लेकर पोल पर चढ़ कर फाल्ट ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट आ जाने से वे चपेट में आ गए और बुरी तरह से झुलस गये। सूचना पाकर पहुंचे परिजन उसे तत्काल भाटपार रानी पीएचसी लाए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक डॉ आशुतोष उपाध्याय ने परिजनों को ढांढस बंधाया और परिजनों को हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। मृतक प्राइवेट लाइनमैन घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था।
एकमात्र कमाऊ सदस्य थे सूर्यदेव
भाटपाररानी। सूर्य देव यादव घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। वह तीन पुत्रों संजय उमेश और रमेश का पिता था। माता लालमति देवी का रोते-रोते बुरा हाल है। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है।