देवरिया। जिले में एसआईआर के शोर के बीच तहसीलों में जाति-आय और निवास प्रमाण पत्र के करीब साढ़े छह हजार आवेदन लंबित हो गए हैं।
सबसे अधिक करीब चार हजार आवेदन सलेमपुर तहसील में और सबसे कम 229 आवेदन भाटपार रानी तहसील में लंबित हैं। देवरिया सदर में लगभग 2500 आवेदन लंबित हैं। रुद्रपुर में 1267 और बरहज में लगभग 250 आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि लेखपालों के रिपोर्ट नहीं लगाने और तहसील के सभी कर्मियों के एसआईआर में व्यस्त होने की वजह से दिक्कत आई है। हालांकि राजस्व विभाग के अफसरों का दावा है कि जिले में कोई भी आवेदन 15 दिन से अधिक पुराना नहीं है।
नए मामले भी निर्धारित समयावधि में ही निस्तारित किए जा रहे हैं। देवरिया सदर के तहसीलदार केके मिश्रा ने बताया कि काम के दबाव के बीच हर दिन कुछ न कुछ आवेदन पत्रों का निस्तारण किया जा रहा है। प्रयास है कि एक से दो दिन में पेंडिंग शून्य हो जाए।
सलेमपुर में 3953, भाटपार रानी में 229 आवेदन लंबित : जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र के लिए सबसे अधिक आवेदन सलेमपुर तहसील में लंबित हैं। तहसील कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पूरे महीने में जाति प्रमाण पत्र के 6000, आय प्रमाण पत्र के 5300 और निवासी प्रमाण पत्र के 6200 आवेदन आए थे। इसके सापेक्ष अभी जाति के 1332, आय के 1003 और निवास के 1618 आवेदन लंबित हैं। वहीं भाटपार रानी तहसील में कुल 229 आवेदन अभी लंबित हैं, जिनमें से आय के 75, जाति के 64 और निवासी के 90 आवेदन हैं।
रुद्रपुर में लंबित हैं 1,267 आवेदन : तहसील कार्यालय के अनुसार पिछले 12 दिनों में आय, जाति और निवास के संबंधित कुल 1,267 आवेदन लंबित हैं। इसमें आय के 392, जाति प्रमाण पत्र के 387 और निवास प्रमाण पत्र के लिए 488 आवेदन सोमवार को लंबित थे।
बताया जा रहा है कि लेखपालों क व्यस्तता के साथ-साथ तहसील के संबंधित कर्मचारी भी एसआईआर ड्यूटी में लगे हैं, इसलिए आवेदन लंबित हैं। हालांकि तहसील प्रशासन का दावा है कि 20 दिन से अधिक पुराने आवेदन ही डिफाल्टर की श्रेणी में माना जाता है और रुद्रपुर तहसील में कोई आवेदन अभी डिफाल्टर श्रेणी में नहीं है।