सलेमपुर में एक स्कूल के पास खाली स्थान पर पड़ा कूड़ा, संवाद
देवरिया। सरकार जहां गांव-गांव में स्वच्छता अभियान चला रही है, वहीं जिले का शहरी निकाय ही इसे लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। आरोप है कि भटनी नगर पंचायत में आबादी के बीच जलाए गए कूड़े के धुएं की वजह शनिवार को एक किशोरी बीमार पड़ गई थी।
रुद्रपुर और तरकुलवा नगर पंचायतों में कूड़ा निस्तारण के लिए कोई केंद्र ही नहीं बना है, जिस वजह से सड़क के किनारे ही कूड़ा गिराया जा रहा है। दो चार दिन बाद इसी कचरे में आग लगा दी जाती है, जिससे राहगीरों को भी दिक्कत हो रही है।
कचरे के ढेर में लगाई आग से बढ़ रहा संक्रमण रुद्रपुर। नगर पंचायत क्षेत्र में हर दिन करीब 20 टन निकलने वाला कचरा रुद्रपुर-पिड़रा मार्ग पर मझने नाला के पुल के समीप गिराया जा रहा है। कूड़े से उठने वाली बदबू से राहगीरों की मुश्किल बढ़ गई हैं। निबही रोड पर एकला मिश्रौलिया गांव के नजदीक गिरा कूड़ा किसानों के खेतों में फैल गया है। ग्रामीणों के विरोध के बाद एक माह से यहां कचरा नहीं गिराया जा रहा है। नकईल और नरायनपुर रोड पर अधिकांश किसानों के विरोध करने पर कूड़ा 10 दिन से मझने पुल के निकट सड़क पर ही फैलाया जा रहा है।
स्थानीय अजय तिवारी, शंभूशरण सिंह आदि ने कहा कि सड़क पर कूड़ा गिरने से हवा भी दूषित हो गई है। सांस रोककर जल्दबाजी में इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्रों को झेलनी पड़ रही है। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. एसके राव ने कहा कि कूड़ा-कचरा जलाने से उठने वाला धुआं काफी खतरनाक होता है। नगर में धुंध और धुआं के प्रभाव से इस समय सांस के रोगियों की संख्या बढ़ गई है। अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने कहा कि सफाई कर्मियों को चिन्हित स्थानों पर आबादी से दूर कचरा गिराने का निर्देश दिया गया है।