वामपंथी दलों ने 18 सूत्री मांग पत्र एसडीएम को सौंपा
देवरिया/भाटपाररानी। वामपंथी दलों के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सीपीआई(एम)और सीपीआई(एमएल) के नेताओं की स्थानीय इकाई की ओर से मंगलवार को मार्च निकाला गया। बाद में उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित 18 सूत्री मांगपत्र सदर एसडीएम एवं एसडीएम भाटपाररानी को सौंपा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री भारत सरकार अजय मिश्र(टेनी) को तुरंत बर्खास्त करने के साथ ही उन पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानूनी गारंटी करने, महंगाई को कम करने, डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस को जीएसटी में लाकर दाम घटाने, वैट समाप्त करने, किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध कराने, अयोध्या के भूमि घोटाले और गरीबों को विस्थापित करने वालों के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय की देखरेख में जांच, दलितों-महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले रोकने, प्रतापपुर चीनी मिल पर पिछले सालों के बकाया का भुगतान कराने, विशुनपूरा रेलवे फाटक से पकड़ीबाबू तक सड़क, सिकटिया रतसिया भाटपाररानी मार्ग पर स्याही नदी पर ध्वस्त पूल का तत्काल निर्माण कराने आदि की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में देवरिया में जिला मंत्री आनंद प्रकाश चौरसिया, सदानंद चौरसिया, कमला यादव, श्यामदेव, चक्रपाणि तिवारी, शमीम एवं भाटपाररानी में माकपा जिला मंत्री जयप्रकाश यादव, भाकपा माले के जिला मंत्री श्रीराम कुशवाहा, साधुशरण, नथुनी सिंह, जयप्रकाश सिंह, चंद्रभान यादव, गुड्डू कुमार, पूनम यादव, सुभावती देवी आदि शामिल रहे।
माकपा ने तहसील गेट पर सभा की, ज्ञापन सौंपा
सलेमपुर। माकपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसील गेट पर सभा की। प्रधानमंत्री के नाम संबोधित मांगों का ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। पेट्रोल डीजल रसोई गैस और जीवन जीने के लिए खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमत पर तुरंत रोक लगाकर महंगाई कम करने की मांग की गई।
सतीश कुमार ने कहा कि आज देश में महंगाई दर में वृद्धि होने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। जो किसान मजदूर वर्ग की रोजी-रोटी चलाने में बड़ी दिक्कत हो रही है। रामनिवास ने कहा कि गांव में सबसे बड़ी समस्या राशन कार्ड और मनरेगा मजदूरों की है। प्रेमचंद यादव ने कहा कि आज किसान ठगा महसूस कर रहा है। सभा में हरे कृष्ण कुशवाहा, अविनाश मौर्य, सिकंदर, गंगा देवी, तारा देवी, सुनीता देवी, राम छोटू चौहान, रामायण यादव, पप्पू यादव, मोहम्मद परवेज, मनीष आदि मौजूद रहे। सभा की अध्यक्षता राम निवास व संचालन हरेकृष्ण कुशवाहा ने किया।