देवरिया। धोखाधड़ी के आरोपी से पैसा लेने के आरोप में सदर कोतवाली में तैनात एक दीवान को निलंबित कर दिया गया है। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई है। साथ ही विभागीय जांच के लिए शासन को पत्र भी भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति पर लोगों से फ्रॉड कर जालसाजी करने का आरोप है। मामले में पुलिस जब उसकी तलाश में गांव पहुंची तो वह घर पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए कोतवाली लेकर आई।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने एक व्यक्ति के माध्यम से पांच फरवरी तक घर में शादी होने की बात कहकर मोहलत मांगी थी। आरोप है कि इसी दौरान सदर कोतवाली में तैनात दीवान सूर्यनाथ विश्वकर्मा ने मध्यस्थता करते हुए आरोपी के माता-पिता को छोड़वा दिया। इसके एवज में दीवान ने कोतवाल के नाम पर आरोपी के परिजनों से मोटी रकम ले लिया। इस बीच आरोपी अपने माता-पिता को लेकर घर का ताला बंद कर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं जांच शुरू कराई। जांच में दीवान द्वारा पैसा लेने की बात सामने आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
आरोपी युवक पूर्व में भी इस तरह के कई मामलों में पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। चर्चा है कि आरोपी युवक अपने माता-पिता को लेकर विदेश में चला गया है। जबकि उसका पासपोर्ट और आधार कार्ड कोतवाली में जमा है।
कोतवाली के एक दीवान द्वारा आरोपी पक्ष से अवैध धन लेन-देन की पुष्टि हुई है। संबंधित को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई हेतु शासन को पत्र भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई है।
-आनंद कुमार पांडेय अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, देवरिया